पश्चिम मेदिनीपुर, 27 दिसंबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशियाड़ी थाना क्षेत्र के आमदार दनापुर गांव में शनिवार को एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान लक्षीकांत सिंह (41) के रूप में हुई है, जो इसी गांव का निवासी था।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लक्षीकांत सिंह घर के पास स्थित एक तालाब में गिर गया था। बताया गया है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने उसे तालाब से बाहर निकालकर ठंड से बचाने के उद्देश्य से पास में भूसे से आग जला दी और वहां से चला गया।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उसी स्थान पर लक्षीकांत सिंह का शव पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल केशियाड़ी थाने को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक की मां ननी सिंह ने बताया कि उनका बेटा खेती के काम से खेत में पराली इकट्ठा करने गया था, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी नहीं है।
मृत्यु के कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के चलते पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय व पुलिस सूत्रों के अनुसार, अत्यधिक ठंड के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है। यह भी बताया गया है कि मृतक नशे की हालत में था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



