क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अधिवेशन में लिया भाग

जोधपुर, 27 दिसम्बर (हि.स.)। क्रीड़ा भारती द्वारा कर्णावती में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में पारंपरिक खेलों के संरक्षण, खेलों के माध्यम से चरित्र निर्माण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने पर व्यापक मंथन हुआ।

जोधपुर महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि अधिवेशन को गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने संबोधित किया।

क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष व ओलंपियन गोपाल सैनी, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष व मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री चैतन्य कश्यप, कुश्ती पहलवान और ओलंपिक पदक विजेता, योगेश्वर दत्त, राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रसाद महानकार, राष्ट्रीय महामंत्री राज चौधरी व अन्य ने भी स्वस्थ भारत, समर्थ भारत का संदेश दिया। महानगर अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि जोधपुर से गए सभी पदाधिकारियों ने पारंपरिक मारवाड़ी वेशभूषा एवं जोधपुरी साफा पहनकर अधिवेशन में सहभागिता की, जिससे राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में संगठन के आगामी कार्यक्रमों एवं कार्ययोजनाओं पर भी गहन चिंतन हुआ। इस अवसर पर जोधपुर से प्रांत अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह जोधा, उपाध्यक्ष दुर्ग सिंह राजपुरोहित, प्रवीन मेड, अनिल मेहता, नीरज कौशिक, विनोद चौहान, गोविंद सिंह, मदन बिश्नोई, आनंद सिंह, विनोद मिर्धा, स्नेहा जैन, स्वाति गोयल, पुष्पा गहलोत, वीणा चौहान, बृजपाल सिंह, दुश्यंत व्यास, निलेश सोनी, लक्ष्मण सिंह, दीपक शर्मा, सत्य प्रकाश एवं त्रिलोक चौधरी ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश