उक्रांद ने दिवाकर भट्ट व राजा बहुगुणा को दी श्रद्धांजलि
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
नैनीताल, 30 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड क्रांति दल की नैनीताल इकाई की ओर से राज्य अतिथि गृह नैनीताल क्लब में रविवार को पूर्व विधायक दिवाकर भट्ट एवं सीपीआई नेता कॉमरेड राजा बहुगुणा के सम्मान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। नगर पालिका परिषद नैनीताल के पूर्व अध्यक्ष श्याम नारायण की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दोनों दिवंगत नेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि दिवाकर भट्ट ने जीवन पर्यंत राज्यवासियों के हितों की लड़ाई लड़ी, पर जिन मुद्दों के लिए राज्य आंदोलन हुआ, वे अब भी अनसुलझे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में सुविधाओं के अभाव से पलायन बढ़ा है। कहा कि राज्य को अपने संसाधनों पर अधिकार मिलना चाहिए। इसके साथ ही जंतवाल ने बताया कि कॉमरेड राजा बहुगुणा ने शोषितों और श्रमिक वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
।
वक्ताओं ने कहा कि जनता की बात करने वाली दो महत्वपूर्ण आवाजें एक साथ खो गई हैं। उनके आदर्शों पर चलना सभी का दायित्व है। सभा को केएमवीएन के पूर्व मंडलीय पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, अधिवक्ता कैलाश तिवारी, पान सिंह सिजवाली, गणेश बिष्ट, विनोद कुमार, महेश जोशी, पंकज भट्ट, मनोज बिष्ट, खुर्शीद हुसैन, लीला बोरा, हेम चंद्र वारियाल, कंचन चंदोला, शाकिर अली आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कमलेश पांडे ने किया तथा अनेक प्रबुद्ध जन, अधिवक्ता, शिक्षक, कर्मचारी नेता और रंगकर्मी उपस्थित रहे।
इधर कुमाऊं विश्व विद्यालय शिक्षक संघ-कूटा ने सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट के बड़े भाई रामदत्त भट्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। संघ ने पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट तथा विश्वविद्यालय के कर्मचारी नवनीत कुमार की माताजी के निधन पर भी दुख जताते हुए संवेदनाएं प्रकट की हैं। कूटा की ओर से श्रद्धांजलि व्यक्त करने वालों में प्रो. ललित तिवारी, प्रो. नीलू, डॉ.दीपक कुमार, डॉ.विजय कुमार, डॉ.संतोष, डॉ.पैनी, डॉ.अनिल बिष्ट, डॉ.उमंग, डॉ.दीपिका, डॉ.युगल जोशी तथा डॉ.रितेश साह शामिल हैं। इधर श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह और महासचिव जगदीश बवाड़ी ने भी स्वर्गीय राम दत्त भट्ट के निधन पर शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी



