एलजी मनोज सिन्हा ने वॉलंटरी मेडिकेयर सोसायटी का किया दौरा पैरा खिलाड़ियों से की मुलाकात; दिव्यांगों के सशक्तिकरण पर दिया जोर
- MILAN SINGH JAMWAL
- Jul 22, 2026
श्रीनगर, 22 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित वॉलंटरी मेडिकेयर सोसायटी (VMS) का दौरा किया। पिछले पांच दशकों से यह संस्था जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के दिव्यांगजनों (PwDs) के लिए स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आजीविका और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में कार्य कर रही है।
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने संस्था के पदाधिकारियों और पैरा खिलाड़ियों के साथ बैठक कर दिव्यांगजनों के समग्र सशक्तिकरण, पुनर्वास और पैरा खेलों के विकास पर विस्तृत चर्चा की।
संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. मीर मोहम्मद मकबूल तथा उपाध्यक्ष प्रो. मसूदा यासीन ने उपराज्यपाल के समक्ष पैरा खेलों के लिए मजबूत और व्यवस्थित ढांचा विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने फिजियोथेरेपी के लिए रोबोटिक उपकरण, स्वास्थ्य एवं कौशल विकास केंद्र, जम्मू-कश्मीर पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की स्थापना, आधुनिक इनडोर पैरा स्पोर्ट्स हॉल, विशेष स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, आधुनिक खेल उपकरण, प्रशिक्षण शिविर, एक्सपोजर कार्यक्रम और खिलाड़ियों के लिए यात्रा सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में जम्मू-कश्मीर के पैरा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रशासन इन खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपराज्यपाल ने वॉलंटरी मेडिकेयर सोसायटी की टीम और उससे जुड़ी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निस्वार्थ सेवा और समर्पण के माध्यम से हजारों दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने पुनर्वास केंद्र, वार्डों और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा, "जब भी समाज में कोई सार्थक परिवर्तन आता है, उसके पीछे डॉ. मीर मोहम्मद मकबूल जैसे समर्पित लोगों का योगदान होता है। आज मैं स्वयं को वॉलंटरी मेडिकेयर सोसायटी के इस सेवा मिशन से जुड़ा हुआ महसूस करता हूं।"इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. मीर मोहम्मद मकबूल, उपाध्यक्ष प्रो. मसूदा यासीन, सचिव डॉ. फारूक अहमद कालू, कार्यकारी बोर्ड सदस्य इंजीनियर माजिद अहमद बाला, संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम में एसएसपी श्रीनगर डॉ. जी.वी. सुंदीप चक्रवर्ती, उपायुक्त श्रीनगर अक्षय लाबरू सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपराज्यपाल के साथ उपस्थित रहे।

