झांसी : एक ही रस्सी पर झूलते मिले प्रेमी युगल

लड़की की शादी तय होने के बाद उठाया कदम

झांसी, 17 जनवरी (हि.स.)। चिरगांव थाना क्षेत्र में पट्टी कुमर्रा गांव में एक ही रस्सी से फंदा लगाकर प्रेमी युगल ने जान दे दी। शुक्रवार रात दोनों पशु के बाड़े में मिले। लड़के ने लड़की की मांग में सिंदूर भरा। लड़की को बिछिया पहनाई और फिर शनिवार सुबह दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। दोनों बचपन के दोस्त थे। उनके बीच करीब दाे साल से अफेयर था। धर्म अलग-अलग होने की वजह से दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। परिजनों ने लड़की का रिश्ता तय कर दिया था। शुक्रवार को डेट भी फाइनल कर दी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

चिरगांव के पट्टी कुम्हर्रा गांव निवासी रियाजुल खान (23) पुत्र राज मोहम्मद और मुस्कान पाल (18) के शव सुबह एक ही रस्सी पर झूलते मिले। मुस्कान 8वीं कक्षा तक पढ़ी थी, जबकि रियाजुल बीए फस्ट ईयर के बाद पढ़ाई छोड़ चुका था। मुस्कान तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। सबसे छोटा एक भाई है। पिता खेती किसानी करते हैं। जबकि रियाजुल दो भाइयों में छोटा था। वो अपना डीजे का काम संभालता था।

पुलिस ने बताया- दोनों पड़ोसी थे। बचपन में एक स्कूल में पढ़ते थे। ये दोस्ती करीब दाे साल पहले प्यार में बदल गई थी। धर्म अलग-अलग होने की वजह से दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। इधर, मुस्कान के घरवालों ने उसका रिश्ता टहरौली के परसा गांव में तय कर दिया था। करीब आठ महीने पहले सगाई हो चुकी थी। शुक्रवार को शादी की डेट 30 अप्रैल 2026 फाइनल की गई थी। इससे दोनों परेशान थे।

चिरगांव थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया- मुस्कान और रियाजुल के बीच प्रेम संबंध थे। एक दिन पहले युवती की शादी तय हुई थी। इसके बाद दोनों ने सुसाइड कर लिया। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया