बदायूं में रिश्वत लेते लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार

बरेली, 30 दिसम्बर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की टीम ने मंगलवार को तहसील सदर बदायूं में तैनात राजस्व लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान महेन्द्र सिंह निवासी ग्राम मगोर्रा, थाना मगोर्रा, जनपद मथुरा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में तहसील सदर बदायूं में तैनात था।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार शिकायतकर्ता दुर्गेश कुमार निवासी ग्राम गडोरा, थाना उझानी ने संगठन से शिकायत की थी कि उनके दिवंगत पिता की पैतृक सम्पत्ति के अभिलेखों में वारिसान दर्ज करने के एवज में लेखपाल 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की जांच के बाद ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

मंगलवार दोपहर करीब 12:50 बजे तहसील सदर बदायूं के ग्राउंड फ्लोर बरामदे में जैसे ही लेखपाल ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर दबोच लिया। आरोपित के खिलाफ थाना सिविल लाइंस बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि “भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की गई है। कोई भी सरकारी कर्मचारी यदि रिश्वत मांगता या लेता पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने आमजन से अपील की कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें बेझिझक संगठन को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार