कर्सियांग में तेंदुए का हमला, मंदिर का पुजारी गंभीर रूप से घायल

कर्सियांग, 1 जनवरी (हि.स)। कर्सियांग सबडिवीजन के दूधिया इलाके में तेंदुए के हमले से इलाके में दहशत फैल गई। यहां एक मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे पुजारी पर अचानक जंगल से निकल आए तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल पुजारी की पहचान जितेंद्र राय के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दूधिया के मुक्ति पुल पिकनिक स्पॉट के पास स्थित ‘मुक्तेश्वर शिवधाम’ मंदिर में पुजारी जितेंद्र राय बुधवार रात अपने दैनिक कार्यों में लगे हुए थे। तभी अचानक एक तेंदुआ जंगल से निकलकर उन पर झपट पड़ा। यह घटना दूधिया से नलधारा जाने वाली सड़क पर हुई।

पुजारी की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र राय को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की खबर फैलते ही स्थानीय निवासियों और पर्यटकों में भय का माहौल बन गया है। वन विभाग और पुलिस की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को सावधानी बरतने को कहा गया है। साथ ही सर्दियों की शाम और रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।पर्यटन क्षेत्र होने के कारण पर्यटकों की सुरक्षा पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार