मकर संक्रांति पर्व पर श्रद्धालुओं ने गोमती नदी में लगाई डुबकी किया दान
- Admin Admin
- Jan 15, 2026
जौनपुर,15 जनवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गुरुवार को मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर जनपद सहित पूरे क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल पवित्र नदियों व सरोवरों में स्नान कर दान-पुण्य किया। इस अवसर पर मंदिरों और घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने तिल, गुड़, खिचड़ी, वस्त्र आदि का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पर्व को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए गए।मकर संक्रांति पर्व पर स्नान दान के महत्व के बारे में हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए आचार्य पंडित अखिलेश मिश्रा ज्योतिषाचार्य ने बताया कि मकर संक्रांति का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। आज के दिन सूर्य देव धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं, जिससे शुभ कार्यों की शुरुआत मानी जाती है। शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति से उत्तरायण काल प्रारंभ होता है, जिसे देवताओं का दिन कहा गया है।इस दिन गंगा, यमुना सहित पवित्र नदियों में स्नान करने से पापों का नाश होता है और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। तिल, गुड़, खिचड़ी और वस्त्र दान का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन किया गया स्नान-दान कई गुना फल देता है।जनपद के सई नदी के किनारे,गोमती नदी के किनारे गोपी घाट, सूरजघाट,राजेपुर त्रिमुहानी,अचला देवी घाट बजरंग घाट आदि पर लोगो ने नदी में स्नान किया और वही पर बैठे मांगने वाले लोगों को यथा शक्ति दान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव



