राकांपा के दोनों गुट का विलय होने की दिशा में हो रही चर्चा : अजीत पवार
- Admin Admin
- Dec 23, 2025
मुंबई, 23 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के अध्यक्ष अजीत पवार ने मंगलवार को कहा कि राकांपा के दोनों गुटों का विलय होने की दिशा में चर्चा हो रही है। इस संबंध में वे खुद शुक्रवार को अधिकृत घोषणा करेंगे। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे भी इस बात की पुष्टि की है।
अजीत पवार ने मुंबई में कहा कि दोनों पक्ष एक साथ मिलकर आगामी नगर निगम चुनाव लड़ेंगे। इस बाबत पार्टी के पदाधिकारी आपस में मिलकर चर्चा कर रहे हैं। एक साथ मिलने के लिए कुछ मुद्दों पर चर्चा करनी पड़ती है। इस चर्चा के बाद शुक्रवार को अधिकृत घोषणा वे खुद करेंगे।
राकांपा (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि इस बाबत पदाधिकारियों की बैठक में चर्चा की गई है। लगभग सभी पदाधिकारी राकांपा के दोनों गुटों को एक साथ रहने का समर्थन कर रहे थे। इसे देखते हुए अब पार्टी के पदाधिकारी और नेताओं ने अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं का रुख भी भांपने का प्रयास किया है। कार्यकर्ताओं की भी इच्छा दोनों गुट के साथ रहने की है इसलिए वरिष्ठ स्तर पर इस बाबत निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अजीत पवार ने राकांपा में बगावत कर पार्टी में ही अलग गुट बना लिया था। इसके बाद लोकसभा चुनाव में राकांपा (एसपी) को सफलता मिली थी, जबकि विधानसभा चुनाव में राकांपा एपी गुट को सफलता मिली थी, लेकिन पार्टी में हुए अलगाव का असर शरद पवार के परिवार पर पड़ रहा था। इसी परिवार की कटुता को दूर करने के लिए राकांपा के दोनों गुट एक साथ आने का मन बना रहे हैं। हालांकि अब शुक्रवार को पता चल सकेगा कि दोनों गुट एक ही चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ते हैं या फिर अपने-अपने चुनाव चिन्ह पर आगामी चुनाव लड़ते हैं। इस संबंध में अभी खुलासा नहीं हो सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



