महाराष्ट्र के अधिकांश नगर निगमों में भाजपा गठबंधन का महापौर बनेगा: देवेंद्र फडणवीस
- Admin Admin
- Jan 14, 2026
मुंबई, 14 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को दावा करते हुए कहा कि राज्य के अधिकांश नगर निगमों में भाजपा गठबंधन का महापौर बनेगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह भी कहा कि सिर्फ परप्रांतीयों की पिटाई करने से मराठी का विकास नहीं हो सकता है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह बातें बुधवार को वर्ली बीडीडी चाल के निवासियों से संपर्क करने के बाद मीडिया से बातचीत में कही। फडणवीस ने कहा कि राज्य की २९ नगर निगमों में भाजपा गठबंधन अच्छी स्थिति में है। इनमें से करीब २७ नगर निगमों में भाजपा गठबंधन का महापौर बनेगा। फडणवीस ने यह भी कहा कि पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम में भी भाजपा गठबंधन ही चुनाव जीतेगा। महाराष्ट्र के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हैं।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमने चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ा, हिंदुत्व के मुद्दे पर नहीं। हिंदुत्व और विकास को अलग नहीं किया जा सकता। हमारा हिंदुत्व छोटा नहीं है। हमारा हिंदुत्व पूजा के तरीके पर आधारित नहीं है। हम भारतीय संस्कृति, प्राचीन भारतीय जीवन शैली को मानने वालों को हिंदू मानते हैं, उन्हें हम अपने साथ लेकर चलते रहेंगे, इसलिए मराठी और हिंदुओं को अलग नहीं किया जा सकता।
फडणवीस ने उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों ने मराठी लोगों के विकास के लिए क्या किया है। 25 साल में मराठी लोगों को मुंबई से बाहर जाना पड़ा, यह विकास नहीं है। उन्होंने कहा कि बाहर से आए लोगों से मारपीट विकास नहीं है। ठाकरे भाइयों ने मराठी और अमराठी में फर्क करके चुनाव लड़ने की बहुत कोशिश की, लेकिन मराठी लोग छोटी सोच वाले नहीं हैं। महाराष्ट्र में क्षेत्रीय पहचान है, मराठी भाषा गर्व की बात है। फडणवीस ने यह भी कहा कि ठाकरे भाइयों का गठबंधन प्यार का नहीं बल्कि डर का गठबंधन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



