मुंबई, 18 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राज पुरोहित (70) का बीती रात मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। राज पुरोहित पिछले कुछ दिनों से खराब सेहत के कारण मुंबई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
यह जानकारी राज पुरोहित के बेटे आकाश पुरोहित ने दी। उन्होंने बताया कि मुंबई के मरीन लाइंस के पास चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर राज पुरोहित का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राज पुरोहित का राजनीतिक सफर मुंबई में एक नगरसेवक के रुप मे हुआ था। मुंबई भाजपा को बढ़ाने में राज पुरोहित का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। राज पुरोहित मुंबई भाजपा के अध्यक्ष भी थे। विधान सभा में एक जानकार वक्ता के तौर पर जाने जाने वाले राज पुरोहित पहली बार 1990 में मुंबादेवी विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गए थे। तब से, उन्होंने लगातार 4 बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। बाद में, 2014 में, वह कोलाबा विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा के लिए चुने गए।
वर्ष 1995 में राज्य में सत्ता में आई शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार में वे मंत्री भी रहे। इस तरह लगातार पांच बार राज पुरोहित विधायक बने थे। राज पुरोहित का स्वभाव सभी लोगों को साथ लेकर चलने का था, इसी वजह से वे हर वर्ग में प्रिय थे। मुंबई में भाजपा के विस्तार में राज पुरोहित का महती योगदान रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



