माघ बिहू का उरुका आज; असम भर में उल्लास, मछली बाजारों में भारी भीड़

गुवाहाटी, 13 जनवरी (हि.स.)। असम में आज हर्षोल्लास के साथ माघ बिहू का उरुका मनाया जा रहा है। यह दिन सामूहिक भोज का प्रतीक है, जब परिवार, रिश्तेदार और पड़ोसी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। भोगाली बिहू के अवसर पर पूरे असम में उत्सव का माहौल देखने को मिल रहा है।

उरुका के मौके पर राज्य के विभिन्न मछली बाजारों में बड़ी-बड़ी मछलियों की आमद हुई, जिससे ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गुवाहाटी के उज़ान बाजार मछली घाट में विशाल आकार की मछलियां बिक्री के लिए लाई गईं, जिन्हें खरीदने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

नलबाड़ी के गोपाल बाजार मछली बाजार में 26 किलोग्राम वजनी बिग हेड मछली बिक्री के लिए लाई गई, जिसे देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचे।

तेजपुर के मछली बाजार में भी विशाल मछलियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यहां 27 किलोग्राम वजनी चितल मछली, 25 किलोग्राम वजनी सिलघोरिया मछली जो 50 हजार रुपये में बिकी तथा 30 किलोग्राम वजनी बाहु मछली बाजार में उपलब्ध रहीं।

वहीं, बोकाखात के लॉयड एंटरप्राइज मछली बाजार में 35 किलोग्राम वजनी बिग हेड मछली बिक्री के लिए लाई गई। इसके अलावा पिठिया मछली, आरी मछली सहित अन्य प्रजातियां भी बाजार में उपलब्ध रहीं।

माघ बिहू के उरुका के साथ ही असम के बाजारों में रौनक बनी हुई है और पारंपरिक उत्सव की खुशबू हर ओर महसूस की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश