मुठभेड़ में मैनपुरी का पुतला गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

मौके पर पुलिस

फिरोजाबाद, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार देर रात एक शातिर चोर पुतला को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि थानाध्यक्ष सिरसागंज वैभव कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि एक वांछित अभियुक्त किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने हाइवे पर चैकिंग के दौरान शेख सराय की तरफ आ रही मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति को रोका तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी फायरिंग में संदिग्ध के पैर में गोली लग गयी। अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। घायल अभियुक्त की पहचान अर्जुन उर्फ पुतला पुत्र जाहर सिंह निवासी कुरावली जनपद मैनपुरी के रुप में हुई है। अभियुक्त अर्जुन उर्फ पुतला चोरी के मामले में वांछित है। अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा, 01 जिन्दा, 02 खोखा कारतूस, चोरी की 01 मोटरसाइकिल, चोरी के 04 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़