तहसीलदार घगवाल की बड़ी कार्रवाई सुरारा में 30 कनाल सरकारी भूमि से हटाया अवैध कब्जा
- Editor Chief
- Oct 05, 2026
स्टेट समाचार ब्यूरो ,घगवाल। राजस्व विभाग ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील घगवाल के गांव सुरारा में 30 कनाल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाकर अपने कब्जे में ले लिया।
तहसीलदार घगवाल शकील अहमद (JKAS) के नेतृत्व में नायब तहसीलदार रतनपुर-सुरारा, राजस्व विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने सुरारा में संयुक्त अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान खसरा नंबर 1538 के अंतर्गत आने वाली करीब 30 कनाल सरकारी भूमि को अनधिकृत कब्जे से मुक्त करवाया गया। इसके बाद भूमि को विधिवत सरकारी कब्जे में ले लिया गया।
राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

