असम के मौडंगा आरक्षित वन क्षेत्र में बड़ा बेदखली अभियान

होजाई (असम), 2 जनवरी (हि.स.)। डबका के मौडंगा आरक्षित वन क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर बेदखली अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत लगभग छह हजार बीघा आरक्षित वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, तामुलबाड़ी क्षेत्र में करीब 1250 परिवारों ने अवैध रूप से घर-द्वार बनाकर गांव बसा लिया था। यह भूमि लंबे समय से आरक्षित वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के बावजूद अतिक्रमण की चपेट में थी।

बेदखली कार्रवाई के दौरान कई अवैध ढांचों को तोड़ा गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान शुरू होते ही अधिकांश अतिक्रमणकारियों ने अपने घर स्वयं हटाकर क्षेत्र खाली कर दिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई आरक्षित वन भूमि की सुरक्षा, संरक्षण और अतिक्रमण मुक्त करने की निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसमें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश