जम्मू में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई नाबालिग समेत चार पकड़े 98 रोल चाइनीज गट्टू बरामद
- Editor Chief
- Aug 21, 2026
जम्मू, 21 अगस्त। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू शहर के दो अलग-अलग इलाकों से करीब 100 रोल चाइनीज गट्टू बरामद किए हैं। इस सिलसिले में एक नाबालिग समेत चार लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस पोस्ट नरवाल की टीम ने एक नाबालिग को पकड़ा। उसके वाहन की तलाशी लेने पर प्रतिबंधित चाइनीज प्लास्टिक मांझे के 70 रोल बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
अधिकारियों ने जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा होने के कारण चाइनीज मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। यह धारदार और नष्ट न होने वाला सिंथेटिक धागा पैदल चलने वालों, दोपहिया वाहन चालकों और बच्चों को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। इससे पक्षियों और अन्य जानवरों की जान को भी खतरा रहता है। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने बंतलाब के पास प्रतिबंधित चाइनीज गट्टू बेचे जाने की सूचना पर एक मोटरसाइकिल को रोका।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 28 रोल चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान तक्षम जवालिया निवासी पटोली ब्राह्मणा, शुभम गुप्ता निवासी मशीन दोमाना और साहिल कुमार निवासी पटोली ब्राह्मणा, जम्मू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों के संबंध में अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जम्मू पुलिस ने कहा कि मनुष्यों, पशुओं और पक्षियों के लिए गंभीर खतरा बने प्रतिबंधित चाइनीज गट्टू के अवैध भंडारण, बिक्री, आपूर्ति और वितरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

