वर्ष के अंतिम दिन कड़ाके की ठंड की चपेट में पश्चिम मेदिनीपुर, तापमान न्यूनतम स्तर पर
- Admin Admin
- Dec 31, 2025
मेदिनीपुर, 31 दिसंबर (हि.स.)। वर्ष 2025 का अंतिम दिन पश्चिम मेदिनीपुर जिले के निवासियों के लिए इस सीजन का सबसे ठंडा दिन साबित हुआ। बुधवार सुबह जिले के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रभाव देखा गया। जंगलमहल सहित पूरा जिला वर्तमान में भीषण शीतलहर की चपेट में है।
विद्यासागर विश्वविद्यालय के मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह 6:35 बजे न्यूनतम तापमान 8.45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह इस चालू शीतकालीन सत्र का अब तक का सबसे कम तापमान है। पिछले कुछ दिनों से मेदिनीपुर शहर और आसपास के इलाकों में तापमान नौ से 10 डिग्री के बीच बना हुआ था, लेकिन साल के आखिरी दिन इसमें और गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि जिले के वनाच्छादित क्षेत्रों (जंगलमहल) में तापमान शहर की तुलना में और भी कम हो सकता है। घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम रही, जिससे जनजीवन और यातायात पर भी असर पड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक जंगलमहल सहित समूचे जिले में इसी तरह की ठंड और कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता



