मंत्री जावेद राणा ने कई विकास कार्यों का किया उद्घाटन, नए कार्यों की रखी आधारशिला

जम्मू। स्टेट समाचार
जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण और जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सलवाह ब्लॉक का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया और कई नए कार्यों की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने जारी विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि सलवाह ब्लॉक में करीब 70 करोड़ रुपये के विकास कार्य फिलहाल जारी हैं।
राणा ने संबंधित अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने तथा तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित फील्ड मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया। मंत्री ने सिटीज एंड टाउंस योजना के तहत 90 लाख रुपये की लागत से तैयार नक्का सलवाह सडक़ और सीडीएफ योजना के तहत 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित मिडिल स्कूल खोरबानी सलवाह के नए भवन का उद्घाटन किया। वहीं, एसएएससीआई के तहत 240 लाख रुपये की अनुमानित लागत से नक्का सलवाह-नार तरखाना सडक़ और जिला कैपेक्स बजट के तहत 45 लाख रुपये की लागत से सलवाह में सब सेंटर भवन की आधारशिला रखी। इसके अलावा यूटी कैपेक्स के तहत डब्ल्यूएसएस पठांतीर (150 लाख), डब्ल्यूएसएस सलवाह घुटना (89.50 लाख) और डब्ल्यूएसएस सलवाह (633.52 लाख रुपये) की जलापूर्ति योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।
इस दौरान राणा ने सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल सलवाह में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने सडक़, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। मंत्री ने संबंधित विभागों के साथ इन मामलों को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आश्वासन दिया।