'ग्रीन जम्मू, क्लीन जम्मू' अभियान के तहत सुनजवां-चौआदी मार्ग पर 2,000 से अधिक पौधे लगाए गए
- Rahul Sharma
- Jul 14, 2026
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू नगर निगम (जेएमसी) और शहरी वन प्रभाग जम्मू के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को 'ग्रीन जम्मू, क्लीन जम्मू' अभियान के तहत सुनजवां-चौआड़ी मार्ग पर विकसित हरित क्षेत्र में मेगा पौधारोपण अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का शुभारंभ जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने किया। इस दौरान 2,000 से अधिक पौधे लगाए गए, जिनका उद्देश्य वायु गुणवत्ता में सुधार, शहरी जैव विविधता को बढ़ावा देना और शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार करना है। अभियान के तहत नव-निर्मित फुटपाथों के किनारे पहले से खाली पड़ी भूमि पर तीन-स्तरीय पौधारोपण किया गया, जिससे इस क्षेत्र को हरित कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इससे पर्यावरणीय संतुलन मजबूत होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को एक बेहतर और आकर्षक सार्वजनिक हरित क्षेत्र भी उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर डॉ. देवांश यादव ने बताया कि मौजूदा मानसून सीजन के दौरान जम्मू शहर में करीब 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने नागरिकों से नवरोपित पौधों की देखभाल और संरक्षण में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि शहर में ऐसे और हरित कॉरिडोर, वॉकवे तथा आकर्षक सार्वजनिक हरित स्थल विकसित किए जाएंगे। साथ ही क्यूआर कोड आधारित 'ट्री एडॉप्शन' पहल के माध्यम से नागरिक पौधों को गोद लेकर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभा सकेंगे। उन्होंने बताया कि मानसून सीजन के दौरान 50 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक सप्ताह दो से तीन मेगा पौधारोपण अभियान आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त (स्वास्थ्य एवं स्वच्छता) अब्दुल सत्तार, मंडलीय वन अधिकारी अश्वनी शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शाहिद हुसैन, सहायक वन अधिकारी डॉ. राबिया खान, पशु चिकित्सा सहायक सर्जन डॉ. प्रियंका मल्होत्रा, कार्यकारी अभियंता यासिर बशीर किचलू, महंत श्री रमेश्वर दास जी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, स्थानीय निवासी, स्वयंसेवक तथा जम्मू नगर निगम एवं शहरी वन प्रभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

