मुर्शिदाबाद : सरकारी स्वास्थ्य केंद्र के शौचालय में हुआ प्रसव, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

मुर्शिदाबाद, 14 दिसंबर (हि. स.)। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती से इनकार के बाद एक गर्भवती महिला को शौचालय में बच्चे को जन्म देना पड़ा। घटना शनिवार को मुर्शिदाबाद के फराक्का ब्लॉक अन्तर्गत बेनियाग्राम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में घटी।

आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में एक लिखित नोटिस लगा हुआ था जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा था कि क्षेत्र के बाहर की किसी भी गर्भवती महिला को भर्ती नहीं किया जाएगा। इसी नियम के चलते अंजू नाम की गर्भवती महिला को भर्ती करने से मना कर दिया गया।

हालांकि, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी ने इस तरह के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने रेफर किए जाने की घटना की जांच करने और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस मामले को लेकर भाजपा ने प्रशासन की आलोचना शुरू कर दी है।

आलम शेख ने बताया कि मैं गर्भवती महिला को फराक्का के बेनियाग्राम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आया। लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि यहां भर्ती नहीं होगी। उसे बल्लालपुर ले जाएं क्योंकि प्रसूति मां का घर फराक्का के खोसालपुर में है। लेकिन वह अपने पिता के घर झारखंड से आई हुई है। उसके पास ही बेनियाग्राम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र है।

आलम शेख और उनके परिवार के लोगों ने वहीं भर्ती कराने के लिए बार-बार अनुरोध किया। इसी को लेकर वहां के स्वास्थ्यकर्मियों के साथ परिवार के लोगों में तनातनी शुरू हो गई।

जब यह तनातनी चल रही थी, उसी समय अंजू प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी। परिवार के लोगों ने उसे स्वास्थ्य केंद्र के एक बेड पर बिठा रखा था। कुछ ही देर में गर्भवती महिला शौचालय में गई और वहीं बच्चे को जन्म दे दिया। उसने शौचालय में ही एक पुत्र को जन्म दिया। आरोप है कि उस समय घर की एक महिला के अलावा उसके पास कोई नर्स या डॉक्टर नहीं थी।

इस घटना के बाद तुरंत हंगामा मच गया। स्थिति गंभीर हो गई। घटनास्थल पर फराक्का के ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मसीउर रहमान पहुंचे। मुर्शिदाबाद जिले के अतिरिक्त मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी तारिफ हुसैन भी घटनास्थल पर पहुंचे। फराक्का थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। तब तक नवजात शिशु के साथ प्रसूति मां को बेड पर लाया जा चुका था।

फराक्का ब्लॉक के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मसीउर रहमान ने कहा कि लेबर रूम में ही प्रसव हुआ है। हालांकि, किसी ने रेफर करने की बात कही है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। यदि यह सच है तो उसके खिलाफ अवश्य कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले को लेकर भाजपा सक्रिय हो गई है। फराक्का में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रौनक साहा ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लाइव किया। उन्होंने कहा कि बंगाल की स्वास्थ्य व्यवस्था अब कहां पहुंच गई है, बंगाल के लोग देख लें। गर्भवती महिला को फुटबॉल की तरह धक्का-मुक्की हो रही है। फेसबुक लाइव करते ही इस मुद्दे पर हंगामा मच गया।

यह घटना राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय