राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले नरेन्द्र कुमार का कुरूद में हुआ स्वागत
- Admin Admin
- Jan 08, 2026
धमतरी, 08 जनवरी (हि.स.)। कुरूद क्षेत्र के राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता नरेन्द्र कुमार का आज गुरुवार काे कुरूद नगरवासियों द्वारा साँधा चौक, कुरूद में भव्य एवं जोशीला स्वागत किया गया। यह आयोजन नगर एवं क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय रहा। नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने अपने पार्षदगणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ नरेन्द्र कुमार का आत्मीय स्वागत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नेपाल में आयोजित राष्ट्रीयस्तर की बाल बैडमिंटन प्रतियोगिता में नरेन्द्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कुरूद नगर बल्कि संपूर्ण क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। नगरवासियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि नरेन्द्र कुमार की सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, पार्षदगण मिथिलेश बैस, सितेश सिन्हा, महेन्द्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव, कविता चन्द्राकर, रवि मानिकपुरी, कमलेश चन्द्राकर, विधा शर्मा, भूमिका सिन्हा, चित्रलेखा टंडन, निशा वैष्णव एवं चम्पेश्वर सोनकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही नरेन्द्र कुमार के कोच गोपाल साहू, नगर एवं ग्राम परखंदा के नागरिकगण तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल हुए। नगरवासियों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर नरेन्द्र कुमार की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नरेन्द्र कुमार ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। सभी उपस्थितजनों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभेच्छा दी।
यह सम्मान समारोह नगर में उत्साह, उमंग और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने का संदेश लेकर आया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



