हिसार : इनेलो की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दलों में हताशा का माहौल : दलबीर किरमारा
- Admin Admin
- Dec 04, 2025
अभय चौटाला की कथनी व करनी में नहीं कोई अंतर, जनता जुड़़ रही पार्टी से
हताशा में अभय सिंह के खिलाफ उल-जुलूल बातें कर रहे विपक्षी दलों के लोग
हिसार, 4 दिसंबर (हि.स.)। इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने कहा है कि
पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दलों में हताशा है और इस हताशा में ये दल आए
दिन इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला के खिलाफ उल-जुलूल बातें करते रहते हैं। इन दलों
को अब समझ आ गया है कि अभय सिंह चौटाला की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है और इसी
वजह से प्रदेश की जनता अब उनमें फिर से विश्वास जताने लगी है।
दलबीर किरमारा ने गुरुवार काे जारी बयान में कहा कि इनेलो का ग्राफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। आए
दिन विभिन्न क्षेत्रों से नेता व कार्यकर्ता पार्टी में शामिल होकर इनेलो के प्रति
अपना विश्वास जता रहे हैं। जनता इस बात की कायल है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अभय सिंह चौटाला की कथनी व करनी में कोई अंतर नहीं है और वे केवल वही बात कहते हैं
जो पूरी हो सके। झूठ की राजनीति से उनका दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। जनता का इनेलो
के प्रति जुड़ाव देखकर विपक्षी दलों में हताशा है और वे किसी न किसी जरिए अभय सिंह
चौटाला को बदनाम करने का प्रयास करते रहते हैं लेकिन जनता अब भाजपा व कांग्रेस सहित
अन्य विपक्षी दलों की असलियत जान चुकी है।
दलबीर किरमारा ने कहा कि जनता के बढ़ते सहयोग व पार्टी के बढ़ते ग्राफ से साबित
हो गया है कि आने वाला समय इनेलो का होगा और अभय सिंह चौटाला प्रदेश के मुख्यमंत्री
बनेंगे। इसी वजह से कुछ लोगों में बुरी तरह से घबराहट है। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष
के विधायक भी अब जातपात की बात करके जनता में जहर घोलने का प्रयास कर रहे हैं जो उनकी
सबसे बड़ी असफलता है। विकास व जनसुविधाओं की बात करने की बजाय जातपात की बात करने वाले
ऐसे नेताओं का राजनीति में कोई स्थान नहीं होना चाहिए और जनता को ऐसे नेताओं को करारा
जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इनेलो शासन में जिस तरह प्रदेश में विकास की गंगा
बही थी, आने वाले समय में भी इनेलो ही प्रदेश का सही विकास करने में सक्षम है। कांग्रेस,
भाजपा व अन्य दलों ने विकास के नाम पर गुमराह करके केवल भ्रष्टाचार किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर



