जीएमसी जम्मू को NMC का नोटिस CCTV नियमों का पालन न करने पर 70 मेडिकल कॉलेजों की सूची में शामिल

जम्मू, 9 जुलाई: Government Medical College Jammu (जीएमसी) जम्मू को National Medical Commission (एनएमसी) ने अनिवार्य सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था के नियमों का पालन नहीं करने पर नोटिस जारी किया है। देशभर के 70 मेडिकल कॉलेजों को इस संबंध में नोटिस भेजा गया है, जिनमें जम्मू-कश्मीर से केवल जीएमसी जम्मू का नाम शामिल है।
बुधवार को जारी सार्वजनिक नोटिस में एनएमसी ने सभी गैर-अनुपालक मेडिकल कॉलेजों को तत्काल निर्धारित मानकों के अनुरूप सीसीटीवी प्रणाली स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने कहा कि सीसीटीवी सिस्टम के साथ नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) भी अनिवार्य रूप से लगाया जाए तथा उसका लाइव वीडियो फीड एनएमसी की केंद्रीय मॉनिटरिंग प्रणाली से जोड़ा जाए। इसके अलावा सभी मेडिकल कॉलेजों को कम से कम 30 दिनों तक सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एनएमसी के अनुसार, इस संबंध में कई बार अनुस्मारक (रिमाइंडर) भेजे जाने के बावजूद अनेक संस्थानों ने अब तक अपने एनवीआर को आयोग की केंद्रीय प्रणाली से नहीं जोड़ा है।
आयोग ने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी निगरानी प्रणाली मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण अवसंरचना की निरंतर निगरानी, फैकल्टी की उपस्थिति के सत्यापन तथा मेडिकल शिक्षा के निर्धारित मानकों के अनुपालन की दूरस्थ निगरानी सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।