उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर जारी, अंबिकापुर सबसे ठंडा
- Admin Admin
- Dec 31, 2025
रायपुर, 31 दिसंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर जारी है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान महज 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है । उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि इस समय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी नहीं है, जिसके कारण प्रदेश में ठंडी और शुष्क हवाएं चल रही हैं। यही वजह है कि न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ असर दिखाया है। यहां न्यूनतम तापमान महज 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। राजधानी रायपुर में भी रात के तापमान में भारी गिरावट देखने को मिली है। देर रात और तड़के सुबह ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2 से 3 दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। लोगों से अपील की गई है कि वे ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें।
राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जिससे रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ गई। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 71 प्रतिशत और शाम 5.30 बजे 48 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति औसतन 2 किमी प्रति घंटा रही और आकाश साफ बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा



