नेपाल बॉर्डर पर संदिग्ध गतिविधियों पर डीआईजी की कड़ी नजर

बेतिया, 28 नवंबर (हि.स.)। नेपाल बॉर्डर से सटी मैनाटांड की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में है, क्योंकि चम्पारण प्रक्षेत्र के डीआईजी हर किशोर राय ने शुक्रवार को मैनाटांड पुलिस निरीक्षक कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। कार्यालय पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, इसके बाद उन्होंने एक-एक संचिका और सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की।

डीआईजी ने हत्या, डकैती जैसे जघन्य कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की और अधिकारियों को साफ-साफ चेतावनी दी कि सीमावर्ती क्षेत्र है… संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए! निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सख्त समीक्षा की और जीरो टॉलरेंस की नीति पर फिर से जोर दिया।

उनकी इस कार्रवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उम्मीद है कि गंभीर मामलों के निष्पादन की रफ्तार अब और तेज होगी। मौके पर डीएसपी जेपी सिंह, पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार, मैनाटांड व भंगहा थाना के थानाध्यक्ष, इनरवा थानाध्यक्ष सहित सभी अधिकारी और जवान मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक