कलेक्टर के निर्देश पर अवैध धान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नगरी विकासखंड में तीन फर्म सील
- Admin Admin
- Jan 15, 2026


धमतरी, 15 जनवरी (हि.स.)। जिले में अवैध धान भंडारण, खरीदी और परिवहन पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर चारों विकासखंडों में सतत निरीक्षण और कार्रवाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम घुटकेल तथा बोरई–नगरी क्षेत्र में संचालित फर्मों पर संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को गहन जांच की गई।
जांच के दौरान शिवम् ट्रेडर्स, सीताराम साहू ट्रेडर्स और रोशन ट्रेडर्स में धान के संधारण एवं अभिलेखों के रख-रखाव में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इन अनियमितताओं को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नगरी के आदेश के परिपालन में तीनों फर्मों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया विधि अनुसार संपन्न की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन प्रकरणों की आगे विस्तृत जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखी जाए और किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। अवैध धान से जुड़ी किसी भी गतिविधि पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। अवैध धान के खिलाफ निरीक्षण और कार्रवाई का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



