वार्षिकी 2025: पूर्वोत्तर में विशिष्ट व्यक्तित्वों का निधन

गुवाहाटी, 26 दिसंबर (हि.स.)। विदा हो रहे वर्ष 2025 में पूर्वोत्तर भारत ने कला, साहित्य, राजनीति, पत्रकारिता और संगीत जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को खो दिया। वर्ष भर में दिवंगत प्रमुख व्यक्तित्वों में जनवरी में वरिष्ठ असमिया-बंगाली फिल्म अभिनेत्री व गायिका ज्ञानदा काकती का 9 जनवरी को 92 वर्ष की आयु में शिलांग में निधन हुआ। 18 जनवरी को मणिपुर के 49-तादुबी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं एनपीपी नेता एन काइसी (58) का निधन हुआ। 29 जनवरी को प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान के दौरान हुई भगदड़ में बराक घाटी के हैलाकांदी निवासी, ‘ओम स्वीट्स’ के स्वामी नीतिरंजन पाल का निधन हुआ।

फरवरी में पश्चिम त्रिपुरा जिला परिषद के सभाधिपति बलाइ गोस्वामी का 13 फरवरी को चेन्नई में हृदयाघात से निधन हुआ। 25 फरवरी को जनसंघ के वरिष्ठ नेता व असम प्रदेश भाजपा के पूर्व संगठनात्मक महासचिव-उपाध्यक्ष हरे कृष्ण भराली (76) का देहांत हुआ।

अप्रैल में मिजोरम से राज्यसभा के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रोनाल्ड सापा त्लाउ (71) का 30 अप्रैल को एम्स, नई दिल्ली में निधन हुआ। मई में त्रिपुरा के पूर्व विधायक बरबमोहन त्रिपुरा (79) का 10 मई को निधन हुआ, जबकि 16 मई को लोकप्रिय असमिया गायिका गायत्री हजारिका (44) का गुवाहाटी में असामयिक निधन हुआ।

जुलाई में ‘दैनिक समाचार’, अगरतला के समाचार संपादक प्रदीप दत्त भौमिक का 20 जुलाई को निधन हुआ। 23 जुलाई को 83 वर्षीय प्रख्यात लेखक-आलोचक डॉ. बसंतकुमार भट्टाचार्य का असम के नलबाड़ी में निधन हुआ। अगस्त में अर्थशास्त्री, लेखक और एसबीआई के केंद्रीय बोर्ड के पूर्व निदेशक अनंत कलिता (76) का 27 अगस्त को निधन हुआ।

सितंबर में असमिया युवा पीढ़ी के लोकप्रिय संगीत सितारे, फिल्म निर्देशक-निर्माता जुबीन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में असामयिक निधन हुआ। इस निधन ने पूरे असम को झकझोर दिया। उनके पार्थिव शरीर को देखने के लिए पहुंचे लोगों ने विश्व स्तरीय रिकॉर्ड बनाया।

अक्टूबर में पथारकांदी मंडल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश सिन्हा का 7 अक्टूबर को तथा 30 अक्टूबर को प्रख्यात संगीतकार-गीतकार सैयद सादुल्ला (78) का देहांत हुआ।

नवंबर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति-प्राप्त बांसुरी वादक दीपक शर्मा (57) का 3 नवंबर को चेन्नई में निधन हुआ। 20 नवंबर को विश्व हिंदू परिषद पाथारकांदी प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष शिवू सिन्हा (50) का तथा 30 नवंबर को असम गण परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष नव राजकुमार उर्फ मनु सिंह (76) का निधन हुआ।

दिसंबर में ‘द असम ट्रिब्यून’ के स्वामी, पद्मश्री से सम्मानित प्रफुल्ल गोविंद बरुवा (94) का 14 दिसंबर को निधन हुआ। 16 दिसंबर को जोरहाट इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व प्राचार्य व एपीडीसीएल के पूर्व निदेशक प्रो. अमिय कुमार देव (89) का देहांत हुआ। 24 दिसंबर को आकाशवाणी सिलचर से जुड़े वरिष्ठ गायक रंजीत पुरकायस्थ (90) का निधन हुआ। वर्ष के अंतिम चरण में 26 दिसंबर को त्रिपुरा विधानसभा के अध्यक्ष एवं धर्मनगर से चार बार के विधायक विश्वबंधु सेन (73) का निधन हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश