भद्रवाह में देर रात हुई घटना में एक की मौत तीन SOG जवान घायल पूरे डोडा जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवा निलंबित

डोडा, 17 जुलाई: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुई एक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के तीन जवान घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे डोडा जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, भद्रवाह के जाई वैली क्षेत्र में SOG की टीम ने देर रात दो संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कथित तौर पर एक संदिग्ध ने SOG जवान की सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान गोली चल गई, जिससे एक संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

 

 

घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आरिफ हुसैन (करीब 30 वर्ष), निवासी चीका, भद्रवाह के रूप में हुई है।घटना के दौरान SOG के तीन जवान भी घायल हुए हैं। इनमें से एक जवान के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे बेहतर उपचार के लिए जीएमसी डोडा रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो जवानों का उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में आतंकी कोण से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में इस घटना का किसी आतंकी गतिविधि से संबंध सामने नहीं आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

 

 

 

घटना के बाद दूसरे संदिग्ध की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। वहीं, एक धार्मिक उपदेशक (प्रचारक) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उसका इस घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध स्थापित नहीं हुआ है। इस बीच, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने डोडा, भद्रवाह, भलेसा और ठाठरी सहित पूरे डोडा जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अगली सूचना तक अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।