उधमपुर में ‘ऑपरेशन सोहन’ दो आतंकी मारे गए ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार हथियार व गोला-बारूद बरामद
- MILAN SINGH JAMWAL
- Sep 17, 2026
उधमपुर, 17 सितंबर। उधमपुर जिले के माजलता क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया। इस दौरान आतंकियों की सहायता करने के आरोप में एक ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को भी गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है।
सेना की व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, ब्रट्टल क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद 16 और 17 सितंबर की मध्यरात्रि को ‘ऑपरेशन सोहन’ शुरू किया गया। अभियान में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे ब्रट्टल-सोहन और खुब्बन के जंगलों में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने के बाद सुरक्षाबलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान छिपे आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकवादी मारे गए।
सुरक्षाबलों ने खराब मौसम, दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और कम दृश्यता के बावजूद अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। अधिकारियों के मुताबिक मारे गए आतंकवादियों के पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह है। हालांकि, उनकी पहचान और संगठन से संबंध की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।
अभियान के दौरान पकड़े गए ओजीडब्ल्यू से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आतंकवादियों को स्थानीय स्तर पर किस प्रकार की सहायता उपलब्ध कराई जा रही थी।
मुठभेड़ के बाद भी सेना, पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त तलाशी एवं निगरानी अभियान जारी है। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली जा रही है, ताकि क्षेत्र में मौजूद किसी अन्य आतंकी खतरे का पता लगाया जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त जवान भी तैनात किए गए हैं।

