फर्जी मतदाता हटाने से सपा परेशान : स्वतंत्र देव सिंह
- Admin Admin
- Dec 08, 2025
कानपुर, 08 दिसंबर (हि.स.)। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एसआईआर पर दिए गए बयान पर सोमवार को पलटवार करते हुए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के विरोध का भाजपा के बूथ अध्यक्ष जवाब देंगे। फर्जी, बोगस मतदाताओं के नाम काटने से सपा में बेचैनी है क्योंकि फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने वाली सपा अब बिना फर्जी मतदान के चुनाव कैसे जीतेंगे?
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को सच्चाई बताएंगे कि एसआईआर पर किस तरह से समाजवादी पार्टी लोगों को बरगला रही है। उन्हें सच्चाई से अवगत कराएंगे। भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के संकल्प को पूरा करने के खातिर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा तक काम करें। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र पर काम कर रही है।
पार्टी कार्यकर्ता 17 दिसंबर से 17 जनवरी तक चलने वाले दूसरे चरण में अठारह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं। इन सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्द कराने के लिए पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें। बूथ पर भाजपा विचार परिवार के बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। इन लोगों से संपर्क कर उन्हें भी एसआईआर अभियान में सक्रिय करें। जिन परिवारों के गणना प्रपत्र अभी तक किन्हीं कारणों से बीएलओ के पास जमा नहीं हुए हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर फॉर्म इकट्ठा कर बीएलओ के पास जमा कराएं।
स्वतंत्र देव सिंह ने दक्षिण जिले में राष्ट्रपाल विद्यालय, यूपी किराना सेवा समिति विद्यालय और पूर्णचंद्र विद्या निकेतन शक्ति केंद्र पर प्रवास कर अलग-अलग समीक्षा बैठक की।
बैठक में उन्होंने बूथ अध्यक्षों से बूथ के कुल मतदाताओं की संख्या, कुल कितने प्रपत्र बंटे, कुल कितने जमा हुए और छूटे मतदाताओं की गणना प्रपत्र की संख्या के बारे में जानकारी ली।
समीक्षा बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं की कार्य प्रगति रिपोर्ट से वह संतुष्ट दिखाई दिए और उनकी प्रशंसा की। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्षों, बीएलओ, बीएलए टू को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। बूथ अध्यक्षों, बीएलए टू को सम्मानित कर सभी का हौसला बढ़ाया। केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण कार्यालय में मॉनिटरिंग टीम संग बैठक कर एसआईआर अभियान के वॉर रूम से संचालित कार्य प्रणाली की समीक्षा की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप



