पीएम-युवा 3.0 के नतीजे घोषित, 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में 43 युवा लेखक चयनित
- Admin Admin
- Dec 30, 2025
नई दिल्ली, 30 दिसंबर (हि.स.)। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने प्रधानमंत्री की युवा लेखकों को मार्गदर्शन देने की योजना पीएम-युवा 3.0 के तहत आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए। इस संस्करण में 22 भारतीय भाषाओं और अंग्रेजी में कुल 43 पुस्तक प्रस्तावों का चयन किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार चयनित पुस्तक प्रस्तावों को प्रख्यात विद्वानों के छह माह के मेंटरशिप कार्यक्रम के तहत पुस्तकों के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक चयनित लेखक को 50 हजार रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति तथा प्रकाशित पुस्तक पर आजन्म 10 प्रतिशत रॉयल्टी दी जाएगी।
शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि पीएम-युवा 3.0 के तहत चुने गए लेखक 30 वर्ष से कम आयु के हैं। इनमें 19 महिलाएं और 24 पुरुष शामिल हैं। चयनित रचनाएं असमिया, बांग्ला, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, कश्मीरी, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, मैथिली, नेपाली, ओड़िया, पंजाबी, संस्कृत, संताली, सिंधी, तमिल, तेलुगु, उर्दू और अंग्रेजी भाषा में हैं। यह व्यापक भाषाई भागीदारी योजना के समावेशी साहित्यिक विकास के उद्देश्य को दर्शाती है।
यह योजना राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप है और इसे शिक्षा मंत्रालय के अधीन नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया द्वारा लागू किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य युवाओं को लेखन और विचारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए प्रेरित करना है। परिणाम एनबीटी-इंडिया की वेबसाइट पर जारी किए गए हैं।
पीएम-युवा 3.0 के लिए निर्धारित विषयों में राष्ट्र निर्माण में भारतीय प्रवासी समुदाय का योगदान, भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक भारत के निर्माता (1950–2025) शामिल हैं। चयनित पांडुलिपियां नॉन-फिक्शन हैं, जो इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, दर्शन, शासन, सामाजिक सुधार और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को प्रतिबिंबित करती हैं।
चयनित लेखकों के लिए आगामी नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला (10–18 जनवरी 2026) के दौरान एक राष्ट्रीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। पीएम-युवा 3.0 के अंतर्गत पुस्तकों का पहला सेट अगले वर्ष प्रकाशित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य भारत और विदेशों में भारतीय साहित्य और विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाली नई पीढ़ी के लेखकों को तैयार करना है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार



