भाजपा हर काम को हमेशा राजनीति के चश्मे से ही देखती हैं : विनय

मंडी, 10 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने ऐतिहासिक पडल मैदान में रैली स्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक रैली होगी । इस रैली में हजारों लोग शिरकत करेंगे। भाजपा की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा है कि वह हमेशा हर काम को राजनीति के चश्मे से ही देखती हैं। उसे अब अपना चश्मा बदल लेना चाहिए क्योंकि प्रदेश में लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। पहले विधानसभा चुनावों में उसे हार का मुंह देखना पड़ा फिर उप चुनावों में भी उसे सत्ता से बाहर ही रहना पड़ा। मंडी में प्रदेश कांग्रेस सरकार के तीन साल पर होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के सभा स्थल पर तैयारियां का जायजा लेने के बाद विनय कुमार ने कहा कि भाजपा षड्यंत्रकारियों की पार्टी है।

उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की पूरी कोशिश की पर उसे इसमें मुंह की खानी पड़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा को कोई भी नैतिक अधिकार नही है कि वह कांग्रेस सरकार के कार्यक्रमों पर किसी भी प्रकार की उंगली उठाए।

विनय कुमार ने कहा कि आपदा के नाम पर भी वह राजनीति कर रही है। उसे आपदा प्रभावित लोगों के दुःख दर्द्व से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से भी आपदा प्रभावित सभी परिवारों की पूरी मदद कर रही हैं। केंद्र से आज दिन तक कोई भी आपदा प्रभावितो के पुनर्वास के लिए कोई भी मदद नही मिली है।केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश की ओर अपनी आंखें बंद कर रखी है। प्रदेश से चुन कर गए सभी भाजपा सांसद भी प्रदेशहीत की कोई बात नही करते। इससे साफ है कि उन्हें प्रदेश के लोगों के दुखदर्द की कोई पीड़ा नही है,केवल बयानबाजी कर प्रदेश के लोगों को गुमराह कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे रहते हैं।

विनय कुमार ने कहा कि मंडी में प्रदेश सरकार के तीन साल पर होने वाले जन संकल्प सम्मेलन में सरकार अपने शेष दो साल के कार्यकाल का विजन प्रदेश के सामने रखने जा रही है। इस अवसर पर बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह सहित कई अन्य गवर्नर लोग भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा