वास्तविक किसानों को दी जाए प्राथमिकता: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

धतमरी, 16 जनवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने धमतरी तहसील के सोरम, भटगांव एवं संबलपुर स्थित धान खरीद केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीद की पूरी प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।

निरीक्षण के समय कलेक्टर ने टोकन कटने की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, धान उठाव एवं भुगतान प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन पहले से कट चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी देरी के खरीदा जाए। छोटे, सीमांत एवं वास्तविक किसानों को किसी भी स्थिति में प्रतीक्षा न करनी पड़े, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने रकबा समर्पण एवं फसल सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की और अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पूरी व्यवस्था शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संचालित होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि जिन किसानों ने पहली बार धान विक्रय के लिए टोकन कटवाया है, उनके खेतों एवं निवास स्थल पर जाकर राजस्व अधिकारियों द्वारा फसल का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। सत्यापन के दौरान यदि अवैध धान बिक्री, फर्जी रकबा या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने धान खरीद केंद्रों पर पेयजल, छाया, तौल व्यवस्था सहित किसानों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि केंद्रों में अनावश्यक भीड़ न हो और किसानों को समय पर भुगतान मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि शासन की धान खरीद योजना का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब प्रत्येक किसान को सम्मान, सुविधा और समयबद्ध सेवा प्राप्त हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा