बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या पर संतों में है नाराजगी : स्वामी अधोक्षजानंद

-पुरी पीठाधीश्वर स्वामी अधोक्षजानंद ने कहा-बांग्लादेश जाकर वहां के हिंदुओं से करेंगे वार्ता

प्रयागराज, 14 जनवरी (हि.स.)। गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरुशंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ महाराज ने भी बांग्लादेश में हिंदुओं की हो रही हत्या पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बांग्लादेश में आज हिंदुत्व खतरे में है, इससे हिंदू समाज आक्रोशित है। अब समय आ गया है हिंदुओं के उठने का और खुद को बचाने का।

माघ मेला में आए अधोक्षजानंद महाराज ने बुधवार को कहा कि माघ मेले में कल्पवास के बाद हमने बांग्लादेश जाने का निर्णय लिया है। स्वतः अपने हिंदू भाइयों से मुलाकात करूंगा और उनकी हौसला आफजाई करूंगा। वहां के सरकारी तंत्र से वार्ता करूंगा कि हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को किस तरह से रोका जाए। वहां की वर्तमान सरकार अभी तक इसे रोकने में नाकाम साबित हुई है। इसलिए वहां जल्द से जल्द चुनाव कराये जाने की आवश्यकता है। वहां कुछ शक्तियां हैं जो चुनाव में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन वहां मौजूदा समय में चुनी हुई सरकार का लाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हमने भारत सरकार को भी पत्र लिखा है।

पुरी पीठाधीश्वर ने बताया कि हमारा पिछले तीन साल से अखंड भारत का भ्रमण चल रहा है। इसमें भारत के विभिन्न प्रांतों व गांवों में जाकर लोगों को सनातन धर्म के बारे में बताया जा रहा है। इसमें वे देश भी शामिल हैं जो कभी अखंड भारत के अंग थे, लेकिन आज अलग देश के रूप में स्थापित हैं। वहां की प्रजा आज भी सनातन के प्रति, वेदों के प्रति जुड़ी हुई हैं। हम उन्हें जागरूक करने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत की यात्रा करने के बाद हम सीधे माघ मेले में पहुंचे हैं। यहां हमारे शिविर में मकर संक्रांति से वैदिक यज्ञ और हवन का आयोजन चलेगा। देश के अलग-अलग राज्यों से यहां यजमान आएंगे और इसमें हिस्सा लेंगे। राष्ट्र व हिंदुत्व की रक्षा के लिए भी यहां यज्ञ का आयोजन होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र