यमुनानगर: धान घोटाले के विरोध में उतरे किसान, 16 जनवरी को प्रदर्शन का ऐलान
- Admin Admin
- Jan 05, 2026
यमुनानगर, 05 जनवरी (हि.स.)। यमुनानगर जिले में सामने आए कथित धान घोटाले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने 16 जनवरी को प्रदर्शन का ऐलान किया है। अनाज मंडी यमुनानगर में प्रदर्शन के बाद भाकियू नेता संजू गुंदियाना ने कहा कि प्रदेश भर में धान खरीद प्रणाली में बड़े स्तर पर अनियमितताएं उजागर हुई हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में फर्जी गेट पास और कागजी खरीद के मामलों में 38 मंडी सचिवों को चार्जशीट किया जा चुका है, जिससे पूरे सिस्टम की भूमिका संदेह के घेरे में आती है। इसी कड़ी में यमुनानगर में भी करीब 100 करोड़ रुपये के धान घोटाले को लेकर मामला दर्ज किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की गिरफ्तारी जरूर हुई, लेकिन किसी भी अधिकारी को कानून के दायरे में नहीं लाया गया। संजू गुंदियाना ने आरोप लगाया कि फर्जी गेट पास और कागजों में दर्शाई गई खरीद बिना अधिकारियों की मिलीभगत के संभव नहीं है, क्योंकि इन सभी प्रक्रियाओं पर संबंधित अफसरों के हस्ताक्षर और स्वीकृति होती है। इसके बावजूद आज तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई न होना संदेह को और गहरा करता है। उन्होंने दावा किया कि राजनीतिक दबाव के चलते जांच की गति को जानबूझकर धीमा किया गया है।किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी के तहत 16 जनवरी को यमुनानगर में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व हरियाणा भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह करेंगे। वहीं 23 मार्च को कुरुक्षेत्र के पिपली में प्रदेश स्तरीय विशाल किसान सभा बुलाई जाएगी, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार



