पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पंकज चौधरी ने भावी कार्ययोजनाओं पर की विस्तार से चर्चा

मेरठ की बैठक में पंकज चौधरी का स्वागत करते डा.लक्ष्मीकांत बाजपेई

लखनऊ,28 दिसम्बर (हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी दिसम्बर की कड़कड़ाती ठण्ड में प्रदेश के दौरे पर निकल पड़े हैं। दौरे की शुरूआत पंकज चौधरी ने मथुरा में बांके बिहारी के दर्शन के बाद से की।

रविवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' सुनने के बाद गाजियाबाद के लिए निकल पड़े। गाजीपुर (दिल्ली गेट बॉर्डर) पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं ने जगह—जगह बड़ी—बड़ी होर्डिंग लगाई है। गाजियाबाद के पदाधिकारियों के स्वागत के बाद उनका काफिला मेरठ के लिए रवाना हुआ। मेरठ टोल प्लाजा पहुंचने पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष की अगुवानी कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद मेरठ में भव्य 'स्वागत समारोह' एवं 'क्षेत्रीय संगठनात्मक बैठक' में पंकज चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डा. लक्ष्मीकांत बाजपेई ने हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर पंकज चौधरी का स्वागत किया।

पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक में आगामी सांगठनिक लक्ष्यों एवं भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। अपने स्वागत से गदगद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस भव्य अभिनंदन और सार्थक संवाद के लिए मैं सभी कर्मठ साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आप सभी की यह एकजुटता और जनता के प्रति सेवा भाव निरंतर जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करती है। कार्यकर्ताओं का यह अद्वितीय उत्साह और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा ही हमारी वास्तविक शक्ति है। आप सभी की यह सकारात्मक ऊर्जा प्रदेश के चहुंमुखी विकास व अंत्योदय के मेरे संकल्प को और अधिक शक्ति प्रदान करती है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश,संजय राय,राम प्रताप सिंह,प्रियंका रावत और संतोष सिंह साथ — साथ चल रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन