जींद : भाजपा सरकार में खिलाड़ी मर रहे हैं, डॉक्टर, व्यापारी डर रहे हैं : रणदीप सुरजेवाला

जींद, 29 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार की नकारा नीतियों के कारण अव्यवस्था का जो माहौल बना हुआ है। चंहुओर अन्याय का आलम बना हुआ है। उसके विरोध में लोगों को आगे आना होगा। यदि अन्याय को देखकर लोग मुंह फेरते रहे तो सत्ता के स्वार्थी लोग लूटने का यह सिलसिला जारी रखेंगे। इसलिए प्रबुद्ध लोग भी समय का इंतजार न करके मौजूदा दौर में भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करें।

राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला शनिवार को जींद में डेयरी रोड पर कांग्रेस के युवा नेता एडवोकेट संदीप द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा वर्ग बुरी तरह से हताश चल रहे है। सरकार के नकारापन के कारण देश का भविष्य चमकाने वाले खिलाड़ी मर रहे हैं। युवा खिलाडिय़ों की सुविधाओं के लिए सरकार बजट नहीं खर्च कर पा रही है। किसानों की फसलें औने-पौने दामों में खरीदी जा रही हंै। व्यापारी हो या डॉक्टर, हर किसी से फिरौती मांगी जा रही है। सरकार सोई पड़ी है। दिन में अवैध खनन का खेल चल रहा है। ऐसे में लोगों को सजग होना होगा ओर अपने वोट की हिफाजत करनी होगी।

सुरजेवाला ने जींद की जिंदगी के लिए सवाल छोड़ते हुए कहा कि बड़ी हैरानगी की बात है कि जिले में लोग आते हैं, राजनीति करते हैं और सत्ता पाकर इस क्षेत्र को भुल जाते है। लोगों को अपने, बैगानों की पहचान करनी होगी। उन्होंने कहा कि किसान की फसलों की मंडियों में बेकद्री हो रही है। उन्होंने कहा कि जींद हरियाणा की राजनीतिक राजधानी है, किंतु यहां का हर वर्ग आज भी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। राजनीतिक जमाने के लिए लोग जींद जिले में आते हंै। यहां आकर नारे लगवाते हैं, रैलियां करते हैं, सत्ता पाते हंै और बाद में जींद जिले को भुल जाते है। इस दौरान सुरजेवाला ने संदीप मोठसरे के पेट्रोल पंप का रिबन काट कर उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दयानंद शर्मा, कंडेला खाप के प्रधान ओम प्रकाश कंडेला, रघुबीर भारद्वाज, ईश्वर सिंह नैन, राजकुमार गोयल, विरेन्द्र जागलान, श्रीचंद जैन, धर्मपाल प्रधान, प्रवीण ढिल्लो समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा