संभल पुलिस ने मुठभेड़ में दाे बदमाशाें काे गिरफ्तार किया, पैर में लगी गाेली
- Admin Admin
- Nov 29, 2025

संभल, 29 नवंबर (हि.स.)। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम को पुलिस और बदमाशों की बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से 5 लाख 3 हजार रुपये नकद और दो तमंचे बरामद हुए है। दोनों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इससे पहले एक अभियुक्त काे पकड़ा गया था, जिसकी निशानदेही पर यह दाेनाें बदमाश पकड़े गए।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ सीओ आलोक भाटी भी मौजूद रहे। सीओ ने बताया कि हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का इशारा किया तो रुकने की बजाए वह भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल चोरी की थी और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
पूछताछ में संदिग्ध ने बताया कि वह 25 नवंबर को हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र में हुई लूट की घटना में शामिल था। उसने स्वीकार किया कि वह आज एक और वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी करने जा रहा था। उसने अपने दो अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी, जो थोड़ी देर बाद सिरसी फाटक से होते हुए संभल की ओर एक कार में आने वाले थे। इस सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। जब संदिग्ध कार आई तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया ताे न कार सवार भागने लगे। पुलिस ने संबंधित सभी थानों को सूचित किया। सीओ ने बताया कि खुद को घिरा हुआ देखकर कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए खेत की ओर भागने लगे।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गये और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इनकी पहचान गौरव और मुकेश के रूप में हुई। अभियुक्तों ने 25 नवंबर की लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकारी। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar



