पुलिस ने 'गूगल गैंग' के सदस्यों को किया गिरफ्तार, मंदिरों में करते थे चोरी

रायबरेली, 12 जनवरी(हि. स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने एक ऐसे शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो आधुनिक तकनीक के दम पर मंदिरों को अपना निशाना बना रहा था। सोमवार को जगतपुर थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 'गूगल मैप गैंग' के सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए ​गिरोह के काम करने का तरीका हैरान करने वाला है। गिरोह का सरगना मध्य प्रदेश के भिंड का निवासी है। ये लोग वारदात को अंजाम देने के और उसके बाद नए शहर में जाने के बाद गूगल सर्च के जरिए वहां के प्रसिद्ध और सम्पन्न मंदिरों को चिन्हित करते थे।​ पकड़े जाने से बचने के लिए इस गिरोह ने एक अनोखा 'सुरक्षा कवच' तैयार कर रखा था।

पुलिस अधीक्षक के अनुसार गिरोह के सदस्य अपने साथ एक महिला को रखते थे। जब भी रास्ते में पुलिस चेकिंग होती, तो वे महिला को गंभीर बीमार बताकर पुलिस की सहानुभूति हासिल कर लेते और बिना सघन चेकिंग के वहां से निकल जाते थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों का लम्बा आपराधिक इतिहास है। इन्होंने न केवल रायबरेली, बल्कि पड़ोसी जिले उन्नाव के मंदिरों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। गूगल लोकेशन का सहारा लेकर ये सुनसान और प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाते थे। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य जिलों में हुई चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया जा सके।

​​पुलिस ने आरोपितों के पास से 3 क्विंटल से अधिक वजन के पीतल के घंटे और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक चार पहिया गाड़ी बरामद की है। पूछताछ में पता चला है कि इस गिरोह ने रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र समेत कई इलाकों में चोरी की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे