जींद : चावलों की खरीद में आढ़ती से धोखाधड़ी,दो करोड़ हड़पे

जींद, 28 दिसंबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने आढ़ती से धान खरीद कर दो करोड़ 20 लाख 86 हजार 140 रुपये हड़पने पर राइस मिलर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। रविवार को जानकारी देते हुए नई अनाज मंडी के आढ़ती अरविंद ने बताया कि उसने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि निसिंग के राइस मिलर अनिल गोयल ने वर्ष 2014 से उसकी मार्फत धान फसल मंडी से धान की खरीद शुरू की थी। शुरूआती दौर में अनिल का लेन-देन का व्यवहार ठीक रहा। अनिल उससे वर्ष 2016 तक धान खरीदता रहा। जिसके चलते उसकी अनिल की तरफ दो करोड़ 20 लाख 86 हजार 140 रुपये की राशि अटक गई।

अनिल ने बकाया बची राशि का कुछ समय बाद भुगतान करने के लिए कहा। जिस पर उसने इंतजार किया। बावजूद इसके आरोपित ने राशि का भुगतान नही किया। जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायतें भी हुई। आरोपित राशि लौटाने की बात कहता रहा। बावजूद इसके आरोपित ने राशि को नही लौटाया। जब उसने राशि के लिए दबाव बनाया तो आरोपित ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपित मिलर अनिल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना के जांच अधिकारी महिपाल ने बताया कि आढ़ती द्वारा मिल मालिक पर राशि हडपने की शिकायत दी गई थी। जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा