जींद : संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फांसी लगा दी जान

जींद, 25 दिसंबर (हि.स.)। रूप नगर में संदिग्ध परिस्थितियों के चलते महिला ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने गुरूवार को मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपित पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रूप नगर निवासी नवीन राज की पत्नी 20 वर्षीय नेहा का शव गुरूवार को को अपने मकान मे फांसी के फंदे पर पंखे पर लटकता देखा गया। फंदा चुन्नी से बनाया गया था। घटना की सूचना पाकर शहर थाना पुलिस तथा मृतका का मायका पक्ष मौके पर पहुंच गया और हालातों का जायजा लिया। मृतका के पिता विद्या नगर भिवानी निवासी शेरसिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी नेहा की शादी लगभग एक साल पहले रूप नगर निवासी नवीन राज के साथ हुई। शादी के बाद से ही उसका पति दहेज को लेकर उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। जिसको लेकर दोनों पक्षो के बीच पंचायत भी हुई। बावजूद इसके उसकी बेटी का उत्पीडऩ जारी रखा। जिससे परेशान होकर उसकी बेटी ने फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। शहर थाना के जांच अधिकारी रामरत्न ने बताया कि पुलिस ने शेर सिंह की शिकायत पर आरोपित पति नवीन राज के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा