हरिद्वार में बनेगी नई शुगर मिल, 22 कि.मी. रायसी-कनखल सड़क का होगा निर्माण
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
हरिद्वार, 30 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गन्ने के खरीद मूल्य में अभूतपूर्व बढ़ोतरी के साथ हरिद्वार के जनप्रतिनिधियों को एक नई शुगर मिल शुरू करने का भरोसा दिलाया है। इसके साथ ही रायसी से लेकर कनखल (हरिद्वार) तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 200 करोड रुपए के बजट का प्रावधान किया गया है।
इकबालपुर नहर निर्माण के लिए भी मुख्यमंत्री धामी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता करेंगे। यह जानकारी भाजपा की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक आदेश चौहान तथा पूर्व गन्ना मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने दी।
रविवार को डामकोठी में भाजपा की ओर से आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि हरिद्वार के किसानों के साथ जनप्रतिनिधियों ने 25 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने आश्वासन के अनुरूप गन्ना मूल्य में अभूतपूर्व वृद्धि की घोषणा कर इसे 405 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है। इससे हर किसान खुश है।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि कतिपय कारणों से हरिद्वार जनपद की इकबालपुर शुगर मिल बंद है। ऐसे में हम लोगों ने मुख्यमंत्री से हरिद्वार में नई शुगर मिल स्थापित किए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने तत्काल इस बात को स्वीकार करते हुए शुगर मिल की स्थापना को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया। और शीघ्र ही सर्वे करा कर प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया।उन्होंने बताया कि इकबालपुर शुगर मिल बंद होने के कारण उस मिल से जुड़े गन्ना केंद्र अन्य तीन चीनी मिलों डोईवाला, लक्सर, लिब्बरहेड़ी पर शिफ्ट कर दिए गए हैं।
पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने बताया कि रायसी से लेकर कनखल तक करीब 22 किमी लंबी सड़क, जिसकी लागत करीब 200 करोड़ रुपये होगी, उसके सर्वे का काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि विधानसभा चुनाव से पहले उस सड़क का काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा इकबालपुर नहर के लिए भी मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता कर निर्माण शुरू करने का भरोसा दिलाया है। भाजपा नेताओं ने गन्ना मूल्य वृद्धि पर मुख्यमंत्री के साथ गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का भी आभार जताया।इस मौके पर जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, दर्जाधारी मंत्री डॉ जयपाल सिंह चौहान, सुनील सैनी, अजीत चौधरी, बृजमोहन पोखरियाल, धर्मेंद्र चौहान, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, उपाध्यक्ष लव शर्मा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



