भद्रवाह और किश्तवाड़ में ईद मिलाद-उन-नबी पर निकला जुलूस

भद्रवाह/किश्तवाड़। भद्रवाह और किश्तवाड़ में ईद मिलाद-उन-नबी (स.अ.व.) धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भद्रवाह में मुख्य जुलूस ऐतिहासिक जामिया मस्जिद से शुरू होकर ओल्ड बस स्टैंड और सर्कुलर रोड से गुजरते हुए वापस जामिया मस्जिद पहुंचा। जुलूस में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भाग लिया।
एडीसी सुनील कुमार भूटयाल सहित तहसीलदार भद्रवाह, एसडीपीओ और एसएचओ मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से समारोह में शामिल बच्चों के बीच मिठाइयां और चॉकलेट भी वितरित की गईं। सरना क्षेत्र में भी ईद मिलाद-उन-नबी श्रद्धा के साथ मनाया गया।
किश्तवाड़ में भी हजारों लोगों ने जामिया मस्जिद से शाह फरीद-उद-दीन साहिब (र.अ.) की दरगाह तक धार्मिक जुलूस में भाग लिया। जुलूस इमाम साहिब, जामिया मस्जिद, मजलिस-ए-शूरा समिति के प्रमुख फारूक अहमद किचलू, धार्मिक विद्वानों और समुदाय के बुजुर्गों के नेतृत्व में निकाला गया। इस दौरान पैगंबर मुहम्मद (स.अ.व.) की शिक्षाओं और शांति, प्रेम व भाईचारे के संदेश को रेखांकित किया गया।
उपायुक्त किश्तवाड़ पंकज कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने जुलूस के सुचारु और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। राज्यसभा सांसद सज्जाद अहमद किचलू, एसएसपी नरेश सिंह और एडीसी पवन कोतवाल भी जुलूस में शामिल हुए और लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जिले में शांति, एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।