बाबू कल्याण सिंह के अन्तिम दर्शन में न पहुंचने वाले आज किस मुंह से चिल्ला रहे पीडीए-पीडीए : प्रकाश पाल
- Admin Admin
- Jan 05, 2026
फतेहपुर, 05 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को भाजपा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बाबू कल्याण सिंह की प्रतिमा का स्थापना कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर बुन्देलखण्ड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि श्रद्धेय कल्याण सिंह सदैव संगठन व कार्यकर्ताओं के प्रति सहज स्नेहिल भाव रखते थे। उन्होंने प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल के नेताओं को घेरते हुए सवाल किया कि आज जो लोग पीडीए-पीडीए का बेसुरा राग अलापते हैं वह बाबू कल्याण सिंह जी की अन्तिम विदाई में भी नहीं पहुंचे थे, क्या उनके पीडीए में बाबूजी नहीं आते थे, और वह किस मुंह से समाज में यह बातें कह रहे हैं, हम सभी बाबूजी के विचारों को मानने वालों का संकल्प है कि देश, प्रदेश और समाज में जातिवाद को बढ़ावा देने वालों को कभी भी सत्ता की चाभी नहीं दी जायेगी।
वहीं प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि श्रद्धेय बाबूजी हम सभी के लिए केवल एक महान नेता नहीं, बल्कि जीवन का आदर्श, धैर्य का पाठ और धर्म पथ पर अडिग रहने का वैचारिक साहस है।
कार्यक्रम में उपस्थित जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित बाबू कल्याण सिंह के जीवन से हमने सीखा है कि पद गौण और कर्तव्य सर्वोपरि है। बाबूजी का त्याग, संकल्प और उनकी दृढ़ आस्था आज भी हमें सत्य और धर्म के प्रति अडिग रहने की शक्ति देती है।
पूर्व विधायक विक्रम सिंह द्वारा सभी को पूर्व मुख्यमंत्री के जीवन से सीखने की बात कहते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह एक युग हैं, विचार हैं और हमारे संस्कारों की अमिट धरोहर हैं। आप सदैव हमारे हृदय, हमारी स्मृतियों और हमारे संकल्पों में जीवित रहेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, मनोज शुक्ला, प्रमोद द्विवेदी, मुखलाल पाल, माता बदल लोधी, जितेंद्र लोधी, रवीन्द्र पाल सिंह, अर्चना त्रिपाठी, अपर्णा सिंह गौतम, प्रवीण सिंह, स्वरूप राज सिंह जूली, सुशीला मौर्या, मंजू शुक्ला, बच्चा तिवारी, पंकज त्रिपाठी, विजय प्रताप सिंह, नितिन सिंह, शिवपूजन तिवारी, विवेक श्रीवास्तव धीरू, आचार्य कमलेश योगी, बृजेश लोधी, अभिषेक शुक्ला, कमल लोधी, धनंजय द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार



