धमतरी : राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक, कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश
- Admin Admin
- Dec 27, 2025
धमतरी, 27 दिसंबर (हि.स.)। नगर निगम धमतरी में महापौर रामू रोहरा की अध्यक्षता में शनिवार को राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सहायक राजस्व अधिकारी सहित विभाग के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान महापौर ने नगर निगम की कर वसूली की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए लंबित करों की शीघ्र वसूली सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम की आर्थिक मजबूती का आधार मजबूत राजस्व व्यवस्था है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महापौर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वार्डवार लक्ष्य निर्धारित कर प्रभावी ढंग से वसूली अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर कर वसूली से ही शहर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। बैठक में आगामी दिनों में विशेष वसूली अभियान चलाने, नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था लागू करने तथा वसूली की प्रगति की सतत समीक्षा पर भी चर्चा की गई। महापौर ने भरोसा जताया कि सुनियोजित प्रयासों से राजस्व वसूली में उल्लेखनीय सुधार होगा और इससे नगर विकास को नई दिशा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



