शेखावाटी में शीतलहर का प्रकोप, फतेहपुर में पारा माइनस 3.4 डिग्री, कई जिलों में घना कोहरा

जयपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। शेखावाटी अंचल में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सीकर जिले के फतेहपुर में रविवार को न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। तापमान में तेज गिरावट के कारण कई इलाकों में जगह-जगह बर्फ जमने की भी खबर है।

सीकर, झुंझुनूं, नागौर सहित कई जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। जिले के अधिकांश क्षेत्रों में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर श्रीगंगानगर में शनिवार को दिनभर घना कोहरा छाया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जिले का इस सीजन का सबसे कम तापमान है। पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने से गलन भरी सर्दी बनी रही। शनिवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में यह पहली बार है जब किसी शहर का अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

राज्य के 15 से अधिक जिले सर्द हवाओं और कोहरे की चपेट में रहे। जयपुर में दिन का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह से ही हल्की ठंडी हवा चलने से गलन महसूस की गई। पिलानी, सीकर, उदयपुर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, नागौर, सिरोही, फतेहपुर और झुंझुनूं में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते मकर संक्रांति तक प्रदेश में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। रविवार (11 जनवरी) को भी 14 जिलों में कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इधर उदयपुर में घने कोहरे के कारण विमान सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इंडिगो एयरलाइंस ने कोहरे की आशंका के चलते यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है और उड़ानों के शेड्यूल में देरी या बदलाव की संभावना जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल