रालोद जिले स्तरीय कमेटियों का गठन कर आयोजित करेगा कार्यकर्ता सम्मेलन : त्रिलोक त्यागी
- Admin Admin
- Jan 05, 2026
रालोद प्रदेश मुख्यालय में अवध क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक संपन्न
लखनऊ, 05 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश मुख्यालय में अवध क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन बुधवार को किया गया। बैठक की अध्यक्षता अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल ने की। बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को गांव-गांव, ब्लॉक-ब्लॉक तथा महानगरों के प्रत्येक वार्ड तक मजबूती के साथ पहुंचाना है, ताकि किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारों को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि जिले स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा तथा प्रत्येक जिले में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने अपने संबोधन में कहा कि रालोद का प्रत्येक कार्यकर्ता आम जनमानस से गहराई से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय लोकदल गांव से लेकर शहरों तक संगठन का विस्तार कर रही है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे आपसी सहयोग से जिला अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्ष के माध्यम से जनपदों में संगठन को सशक्त बनाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले एवं क्षेत्रीय स्तर के प्रदेश पदाधिकारियों की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे संगठन में अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। संगठन की मजबूती के आधार पर कमेटियों का पुनः अवलोकन भी किया जाएगा। बैठक में सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे एक माह के भीतर अपने-अपने जनपदों में संगठन विस्तार की विस्तृत रूपरेखा तैयार करें और उसे प्रदेश नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत करें। उक्त बैठक में संगठनात्मक मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा एवं विजय श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुरेश यादव अवध क्षेत्र के सभी जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं अवध क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम हैदर, आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश महासचिव जितेन्द्र सिंह, मनोज सिंह चौहान, रामवती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, राघवेंद्र प्रताप सिंह, एम. ए. आरिफ, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अंबुज पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष परिणीता सिंह श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेशपाल धनगर छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे, प्रदेश सचिव प्रमोद शुक्ला, अफसर अली, सम्राट चौहान अशोक तिवारी जिला अध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी सरताज मलिक, युवा लोकदल प्रदेश महासचिव विपिन द्विवेदी, बेलाल अहमद, समरजीत सिंह, सज्जन पाठक, सुभाष यादव, विमलेश मिश्रा, बलराम यादव, राकेश सिंह व ब्रजेश सोनी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा



