छह संकल्पों से बदलेगी भारतीय रेल की दिशा: अश्विनी वैष्णव
- Admin Admin
- Jan 09, 2026
नई दिल्ली, 09 जनवरी (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को भारतीय रेल को भविष्य के अनुरूप मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए छह सूत्रीय संकल्प रोडमैप प्रस्तुत किया। इस रोडमैप में संस्थागत सुधारों को गति देने, अत्याधुनिक तकनीक को अपनाने, सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, उन्नत प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने, ट्रैक एवं परिसंपत्ति मेंटेनेंस में उत्कृष्टता लाने तथा औपनिवेशिक मानसिकता से पूर्ण मुक्ति पर विशेष जोर दिया गया है। मंत्री ने कहा कि इन छह बिंदुओं पर सामूहिक प्रयास से ही अगली पीढ़ी की रेलवे का निर्माण संभव है।
यह विचार उन्होंने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में आयोजित 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस अवसर पर 101 रेल अधिकारियों और कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया तथा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 26 रेलवे जोनों को शील्ड प्रदान की गई।
रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेल करीब 12 लाख कर्मचारियों का एक परिवार है और यह परिवार देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते एक दशक में रेलवे में व्यापक सुधार हुए हैं, जिससे कोयला परिवहन, बिजली संयंत्रों के लिए ईंधन आपूर्ति जैसी पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ है। कुंभ, दीपावली, छठ और क्रिसमस जैसे बड़े आयोजनों के दौरान विशेष ट्रेनों का सफल संचालन कर सेवा-प्रदाय में नए मानक स्थापित किए गए हैं। सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार के चलते औसत दुर्घटनाएं, जो एक दशक पहले लगभग 170 थीं, अब घटकर करीब 12 रह गई हैं।
वैष्णव ने स्पष्ट किया कि रेलवे में नवाचार को संस्थागत रूप देना, 52 सप्ताहों में 52 सुधार लागू करना, ट्रैक मेंटेनेंस में नई सोच और तकनीक लाना, यात्रियों को शत-प्रतिशत सुरक्षित यात्रा की गारंटी देना, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण मानक तय करना तथा औपनिवेशिक सोच को पूरी तरह समाप्त करना आने वाले समय की प्राथमिकताएं हैं।
इस समारोह में रेल मंत्री ने भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्मारक डाक टिकट भी जारी किया। कार्यक्रम में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, रेलवे बोर्ड के सदस्य, विभिन्न रेल मंडलों एवं उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक उपस्थित रहे।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय रेल विश्व स्तरीय, किफायती और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। गति, आराम और सुरक्षा में उत्कृष्टता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों को लगातार अपनाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार



