मथुरा : नववर्ष पर राजस्थान के सीएम ने किया गिरिराज का विधिवत अभिषेक, भगवान से की प्रार्थना

मथुरा, 01 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नववर्ष के पावन अवसर पर गुरुवार को सपरिवार पूंछरी का लौठा स्थित प्रसिद्ध श्रीनाथ जी मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज महाराज का विधिवत अभिषेक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री के इस धार्मिक आगमन से ब्रज क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण छा गया। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री सपरिवार परिक्रमा मार्ग के पूंछरी मंदिर परिसर पहुंचे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीनाथ जी की विशेष पूजा संपन्न हुई। मंदिर के सेवायत ने परंपरागत विधि विधान से पूजा कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गिरिराज महाराज का दुग्ध, जल और पंचामृत से अभिषेक किया। पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री के साथ नववर्ष की मंगलकामनाएं साझा कीं।

गौरतलब हो कि बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी पत्नी गीता शर्मा व बेटे आशीष शर्मा के साथ गिरिराज जी की सातकोसीय परिक्रमा पैदल पूरी की। परिक्रमा के दौरान वे पूर्ण भक्तिभाव में नजर आए और मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने भरतपुर और डीग जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में पूंछरी का लौठा के विकास, भरतपुर शहर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर, भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की परियोजनाएं, नगर निगम के ड्रेनेज कार्य, आरएनएफडी, सीएफसीडी सहित अन्य आधारभूत ढांचागत परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने साधु संतों की सेवा को विशेष महत्व दिया। उन्होंने पूंछरी का लौठा में साधु संतों को कंबल वितरित किए और सभी को भोजन प्रसादी कराई। उनकी पत्नी गीता शर्मा ने भी स्वयं अपने हाथों से प्रसादी वितरित की।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार