ओम बिरला, अमित शाह समेत कई नेताओं ने जीजाबाई को किया नमन
- Admin Admin
- Jan 12, 2026
नई दिल्ली, 12 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई प्रमुख नेताओं ने सोमवार को राजमाता जीजाबाई की जयंती पर उनको नमन किया।
बिरला ने एक्स पोस्ट में कहा, “वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की जननी, श्रद्धेय राजमाता जीजाबाई की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। राजमाता जीजाबाई संस्कार, साहस और राष्ट्रधर्म की प्रतिमूर्ति थीं। शिवाजी महाराज के मन में उन्होंने बचपन से ही स्वराज, धर्मरक्षा और न्यायपूर्ण शासन के बीज बोए, जो आगे चलकर एक सशक्त और स्वाभिमानी राष्ट्रचेतना में परिवर्तित हुए। राजमाता जीजाबाई का जीवन प्रमाण है कि मातृशक्ति ही राष्ट्रनिर्माण की प्रथम शिला होती है।”
गृहमंत्री शाह ने कहा कि राजमाता जीजाबाई ने छत्रपति शिवाजी महाराज में बाल्यकाल से ही साहस, स्वाभिमान और स्वसंस्कृति की रक्षा के संस्कार भरे। उन्होंने शिवाजी महाराज के मन में हिंदवी स्वराज की स्थापना का संकल्प जागृत कर उन्हें राष्ट्ररक्षा के महान लक्ष्य की ओर प्रेरित किया।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्र शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राजमाता जीजाबाई के पवित्र विचारों की ज्योति सर्वदा युवाओं को मातृभूमि की सेवा और राष्ट्र उत्थान के लिए प्रेरित करती रहेगी।
शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र चौहान ने कहा कि राजमाता जीजाबाई ने अपने जीवन और विचारों से एक ऐसे नेतृत्व का निर्माण किया, जिसने स्वराज्य की संकल्पना को साकार किया। राजमाता जीजाबाई भारतीय इतिहास में मातृत्व और राष्ट्रचेतना का वह उज्ज्वल अध्याय हैं, जो पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।
विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि मराठा गौरव, कुशल प्रशासक, महान योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज की जननी जीजाबाई जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मां आपकी शिक्षाएं और आदर्श जीवन सदैव लोक कल्याण के पवित्र दीप को दैदीप्यमान बनाए रखेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि राजमाता जीजाबाई साहस, त्याग और स्वाभिमान की जीवंत प्रतिमूर्ति, मराठा साम्राज्य के गौरव छत्रपति शिवाजी महाराज की जननी, वीरता, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी



